Saturday, September 27, 2014

जीने के बहाने हज़ार हुए

नज़र को धोखे बार बार हुए
यूं जीने के बहाने हज़ार हुए

तेरी आहट से जीने की वजह मिलती रही
ज़िंदगी के पल तो कब से तार तार हुए

उम्मीदों की किताबों में थक कर लौट आता हूं
उन किताबों के पन्ने भी अब ज़ार ज़ार हुए

उसी शाम को अब तक सहेजे बैठा हूं
जिसके आगोश में हम तुम ज़ार ज़ार हुए

कभी हाथों से कभी आंखों से फिसला लम्हा
हादसे साथ मेरे ऐसे बार बार हुए

मुकम्मल सा एक अहसास भी दे न पाए तुझे
जिंदगी खुद से भी हम अब तो शर्मसार हुए

टूटा चांद देता है जीने का हौसला हमको
तीर तो कितने ही ज़िगर के आर पार हुए

कभी हाथों से कभी बातों से उतारी बलाएं
किस्मत संवारने के टोटके पर सब बेकार हुए.

कयामत होगी जब आएगी डोली में मिलने मुझसे
ऐ आखिरी दोस्त तेरे दीदार को हम भी बेकरार हुए.
Rajkumar Singh

Friday, August 29, 2014

चेहरों पे पहाड़---

जो एक नज़र में लोगों को पहचान जाते हैं
वो दुनिया को कितना कम जान पाते हैं

बड़े सियासतदां हैं मुल्क की किस्मत बनाते हैं
घर के चराग से ही घर को जलाते हैं

बड़े साहबों का ये मिजाज़ भी खूब है
करना तो दूर सलाम लेने से भी कतराते हैं

कभी गौर से देखो तो जान जाओगे
कुछ चेहरों पे पहाड़ भी उग आते हैं

इन आंखों में उतरोगे तो बह जाओगे
कई समंदर हैं जो रह रह के थरथराते हैं

खामोशी को पढ़ लेना आसान नहीं होता
वक्त की स्लेट पे कई अफसाने लिखे होते हैं

हाथ में हाथ हमेशा रहे ज़रूरी तो नहीं
मेहंदी से हथेली पे तेरा नाम लिखे रहते हैं

जो एक नज़र में लोगों को पहचान जाते हैं
वो दुनिया को कितना कम जान पाते हैं.   
-राजकुमार सिंह


Thursday, August 21, 2014

इम्तेहां से गुज़रे हैं

कैसे कैसे इम्तेहां से गुज़रे हैं
मुज़रिम की तरह इस जहां से गुज़रे हैं

ज़िंदगी तेरी इक हंसी की ख़ातिर
हम न जाने कहां कहां से गुज़रे हैं

इश्क तेरा खूबसूरत भरम रखने को
हम दर्द की हर दास्तां से गुज़रे हैं

कब किस मोड़ पर तेरी सदा सुनाई दे
इस आस में हर कूंचा-ए-जहां से गुज़रे हैं

बस ये अख़िरी है फिर नहीं आएंगे लौटकर
ये सोचकर हर बार मैयकदा से गुज़रे हैं

जिंदगी तेरा इक कतरा भी समझ नहीं पाए
कहने को तो सारे जहां से गुज़रे हैं

कैसे कैसे इम्तेहां से गुज़रे हैं
मुज़रिम की तरह इस जहां से गुज़रे हैं

-राजकुमार सिंह



Friday, August 8, 2014

वो सुबह कब आएगी

बरसों हुए जैसे रोए हुए
कहीं तुम कहीं हम हैं खोए हुए
कहते सुनते हैं पर बात नहीं होती
इस शहर में कभी रात नहीं होती.

लैपटाप से लिपटे हाथ अभी भी नरम हैं
हथेली के इंतजार में पेशानी अभी भी गरम है
अब तो मोबाइल से ही हालचाल मिल पाता है
फ्लैट का दरवाजा बाहर की चाबी से ही खुलता है.

काश ये नजरें कभी टारगेट से हटतीं
बैलेंस शीट से कभी खुशियां निकलतीं
चारों ओर आंकड़ों का तिलस्म गहरा है
वर्कर की हंसी पर टारगेट का पहरा है.

फ्लैट से चांद देखने में रिस्क है
खुश रहने का टाइम फिक्स है
जिंदगी ऐसे ही मेट्रो में कट जाएगी
तुम्हारी आएगी तो मेरी स्टेशन से जाएगी.

लेकिन कहानी ऐसे खत्म न हो तो बेहतर
लाखों लोगों की आहों में कुछ हो तो असर
जिंदगी कभी तो सचमुच मुसकुराएगी
बकौल साहिर, वो सुबह कभी तो आएगी.
राजकुमार सिंह

Saturday, July 5, 2014

दिल को अब मंदिर में रखा जाए

हर बात अधूरी है किस किस को पूरा किया जाए
आधी ही सही जिंदगी को अब पूरा जिया जाए

अमृत की चाह में कब तक प्यासे रहेंगे हम
आओ इस ज़हर को ही कुछ मीठा किया जाए

इतना जला है तो पाक हो ही गया होगा
आओ इस दिल को अब मंदिर में रखा जाए

ये दर्द-ए-दिल भी वक्त का नज़राना है
आओ इस टीस का भी मज़ा लिया जाए

चेहरे पे उम्र के निशान बड़ी मेहनत से आते हैं
आओ इन सलवटों को करीने से सजाया जाए

खाक या राख होना ही इसकी किस्मत है
जब तक चाबी है इस पुतले को हंसाया जाए

हर बात अधूरी है किस किस को पूरा किया जाए
आधी ही सही जिंदगी को अब पूरा जिया जाए
-राजकुमार सिंह

Sunday, May 11, 2014

मां

    अपनी सलाहियत को परखना चाहता हूं
मां तुझ पर कुछ लिखना चाहता हूं.

दिल में है क्या है जान लेगी हमेशा की तरह
मां फिर भी तुझे कुछ बताना चाहता हूं.

सयाने होने की बड़ी कीमत चुकायी है मैंने
मां बच्चा बनके फिर तुझको सताना चाहता हूं

दर्द कितना ही बड़ा हो अब आते नहीं आंसू
मां मुझे फिर डांट मैं रोना चाहता हूं.

दुआ बन के अब भी रगों में दौड़ता है
मां तू मेरे लहू में है ये दिखाना चाहता हूं.

मौला मेरी दुआओं का रंग सुर्ख कर दे

मां तेरा आंचल सजाना चाहता हूं.

राजकुमार सिंह

Sunday, April 27, 2014

मासूम

ये तब की बात है
जब शब्दों के अर्थ नहीं होते थे
सिर्फ अहसास ही काफी था
कुछ कहने सुनने को.
तब तुम जैसे ओस की एक बूंद
और मैं एक कोरी स्लेट
तुम तब भी थीं थोड़ी समझदार और पूरी मासूम
और मुझ पर भी बहुत कुछ लिखा जाना था.
ये अब की बात है
तुम्हारे होठों पर अब भी टिकी है
वो ओस की बूंद पर पपड़ी बन कर
और मेरी स्लेट लिखते-मिटते जैसे घिस सी गयी है.
तब से अब तक
यूं ही चले हम भीगते सूखते
न तुम संभाल पायीं वो ओस की बूंद
और न मेरी स्लेट रही कोरी.
Rajkumar Singh